पटना , दिसंबर 24 -- क्रिसमस पर्व के अवसर पर राजधानी पटना में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिये पटना जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किये हैं।
जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने बुधवार को प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी किया है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
आम जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुये नदियों में किसी भी निजी बोट या नाव के बिना अनुमति परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश 25 दिसंबर को पूरी तरह प्रभावी रहेगा। जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधि- सम्मत सख्त कार्रवाई की जायेगी।
इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को बाइकर्स गैंग पर कड़ी नजर रखने और उनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को सतत भ्रमणशील रहकर अपने- अपने क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर बनाये रखने को कहा गया है।
उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, सुदृढ़ विधि- व्यवस्था संधारण और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को सजग, तत्पर और सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।
किसी भी प्रकार की संदेहास्पद गतिविधि या सूचना मिलने पर लोग जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0612-2219810 अथवा 0612-2219234 और आपातकालीन सेवा नंबर- 112 पर तुरंत जानकारी दे सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित