बैतूल , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में बीच-बचाव करने गए एक युवक की दो युवकों ने हमला बोलते हुए हत्या कर दी।
गंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुए इस मामले में बुरी तरह घायल मोहित गोहे (27) की कल भोपाल में इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपियों ने मोहित पर बैट और डंडों से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ले के बड़े ग्राउंड में बच्चों के बीच क्रिकेट खेल को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते झगड़े और पत्थरबाजी में बदल गया। इसी दौरान पास के छोटे ग्राउंड में खेल रहे बच्चों पर भी पत्थर गिरने लगे। स्थिति बिगड़ती देख मोहित गोहे बच्चों को समझाने और झगड़ा शांत कराने पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
मोहित की मां ने बताया कि उनका बेटा केवल बच्चों को बचाने गया था, लेकिन आरोपियों ने उस पर बेरहमी से वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े और काफी खून बह गया। परिजन उन्हें तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से भोपाल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मोहित हाउसिंग बोर्ड में लिपिक के पद पर कार्यरत थे और उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। दो साल पहले ही उनकी शादी हुई थी और उनका एक छोटा बेटा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित