भुवनेश्वर , दिसंबर 08 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने क्योंझर को ओडिशा को तीसरा स्टील सिटी बनाने की घोषणा की है जहां जाजपुर इलाके में राउरकेला और कलिंगनगर की तरह एक मेगा स्टील प्लांट स्थापित किया जाएगा।

श्री माझी ने घाटागांव में मां तारिणी मंदिर के विकास के लिए 313 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास करने के बाद जिले के लिए कई प्रमुख विकास योजनाओं पर प्रकाश डाला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्योंझर को कई बुनियादी ढ़ांचों को उन्नत करने के अवसर मिलेंगे, जिसमें एक बाईपास सड़क, पारादीप-बड़ा बिल आठ-लेन सड़क, बड़ा बिल रिंग रोड, एक टेक पार्क, एक डेटा सेंटर, एक टेक्सटाइल पार्क, एक स्टेडियम और कई अन्य परियोजनाएं शामिल हैं।

श्री माझी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं- डीएमएफ, ओएमबीएडीसी और अन्य कोषों के योगदान से अकेले क्योंझर को इसके विकास के लिए 35,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा, "एक सुनहरा क्योंझर बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।"श्री माझी ने घाटागांव में मां तारिणी मंदिर के विकास का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि परियोजना को एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार मंदिर को विश्वस्तरीय धार्मिक और पर्यटन स्थल में बदलने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी। मंदिर के पुजारियों (देहुरी) की सुविधा के लिए एक आवासीय सुविधा का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संबंधित विकास कार्यों के लिए एक डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित