भोपाल , फरवरी 3 -- गोवा में आयोजित क्यूएस इंडिया समिट-2026 में मध्यप्रदेश ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी वैश्विक महत्वाकांक्षाओं को मजबूती से रखा। अपर मुख्य सचिव (एसीएस), उच्च शिक्षा अनुपम राजन ने समिट में न्यूजीलैंड की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैंटरबरी के डेलीगेट्स से वन-टू-वन संवाद कर शोध, नवाचार और अंतर्राष्ट्रीय अकादमिक सहयोग पर सार्थक चर्चा की।

एसीएस श्री राजन ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में मध्यप्रदेश को उच्च शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय साझेदारी, संयुक्त अनुसंधान और शैक्षणिक आदान-प्रदान बेहद आवश्यक हैं। समिट में सस्टेनेबिलिटी, रिसर्च-ओरिएंटेड लर्निंग और नवोन्मेषी शिक्षण पद्धतियों पर विशेष जोर दिया गया।

यूनिवर्सिटी ऑफ कैंटरबरी, न्यूजीलैंड की अग्रणी रिसर्च यूनिवर्सिटी है, जो विश्व की शीर्ष 300 यूनिवर्सिटियों में शामिल है। कला, वाणिज्य, कानून, इंजीनियरिंग और विज्ञान जैसे विषयों में इसकी वैश्विक पहचान है। तीन दिवसीय क्यूएस इंडिया समिट-2026 में एसीएस श्री राजन की सक्रिय सहभागिता से मध्यप्रदेश ने विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग, संयुक्त अनुसंधान और क्षमता निर्माण को लेकर ठोस रणनीति प्रस्तुत की।

इस पहल से प्रदेश उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ग्लोबल हब के रूप में विकसित होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। समिट में आयुक्त उच्च शिक्षा प्रबल सिपाहा, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डॉ. सुनील सिंह, राकेश श्रीवास्तव, मनोज अग्निहोत्री सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित