कौशांबी , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में रविवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मृत्यु हो गई। पुलिस इंस्पेक्टर चंद्र भूषण मौर्य ने सोमवार को बताया कि गनपा गांव निवासी लक्ष्मण (28) अपने चचेरे भाई अंकित (14) के साथ बाइक से अपने ससुराल महगांव जा रहा था। जैसे ही वे कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर ककोढ़ा गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित