कौशांबी , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अजमतपुर गांव निवासी नीरज (20) अपने साथी दिलीप और उसके भाई अमरदीप को बाइक से लेकर सिराथू रेलवे स्टेशन से घर लौट रहा था। जैसे ही वे कानपुर‑प्रयागराज राष्ट्रीय मार्ग पर लोंहदा मोड़ के पास पहुंचे, उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में नीरज की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसके साथी दिलीप व अमरदीप के अलावा ट्रक चालक सुरेश महतो निवासी झारखंड गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित