कौशांबी , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में संदीपन घाट थाना पुलिस ने फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर रंगदारी वसूलने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 18 फरवरी 2026 को कपिल अहमद उर्फ रानू, निवासी कोखराज, ने संदीपन घाट थाने में शिकायत दर्ज कराई कि जमीन की खरीद को लेकर रंजिश रखने वाले दो व्यक्तियों ने उसके खिलाफ गैंगरेप का फर्जी मुकदमा लिखवाकर जेल भिजवाने की धमकी दी और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। दहशत में आकर उसने 65 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए।

विवेचना में पता चला कि कोखराज थाना क्षेत्र के पास एक बीघा जमीन के सौदे को लेकर अमरीश दिवाकर एडवोकेट और जैगम हलीम नामक व्यक्ति भी उक्त जमीन खरीदना चाहते थे, जिससे दोनों पक्षों में विवाद उत्पन्न हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने साजिश के तहत एक युवती को प्रलोभन देकर कपिल अहमद के विरुद्ध फर्जी प्रार्थना पत्र दिलाने का प्रयास किया।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराने में लिप्त रहे हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अमरीश दिवाकर और जैगम हलीम को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित