कौशांबी , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत में पिकअप सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार सराय अकिल निवासी मुस्तफा अपने साथी मंजूर हसन के साथ पिकअप वाहन से सिराथू की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे मंझनपुर-सिराथू मार्ग पर सेलरहा पश्चिम गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित