कौशांबी , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में शुक्रवार भोर ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार स्कॉर्पियो सवार लोग कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से कानपुर की ओर से आ रहे थे। जैसे ही वाहन भरवारी मोड़ की ओर मुड़ा, प्रयागराज की दिशा से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में कार सवार मुन्ना, राजू भारतीय, दीपू, सूरज, मुकेश और गोविंद, सभी निवासी ग्राम चमन्धा, गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोखराज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित