कौशांबी , फरवरी 8 -- कौशांबी जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर सोमवार से मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होंगी। जनपद के 37 मदरसों के पंजीकृत 1439 छात्र-छात्राएं मुंशी, मौलवी और आलिम की परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 9 फरवरी से शुरू होकर 14 फरवरी तक चलेगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस बार परीक्षाएं यूपी बोर्ड की तर्ज पर कराई जा रही हैं। जिले को छह सेक्टर और तीन जोन में बांटा गया है। संबंधित तहसीलों के एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा सीसीटीवी कैमरा और वॉइस रिकॉर्डर की निगरानी में होगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शालिनी रंजन ने बताया कि छह सचल दल और छह सहायक सचल दल गठित किए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी-पहली पाली सुबह 8 से 11 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने परीक्षाएं सुचितापूर्ण संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित