लखनऊ , अप्रैल 08 -- उत्तर प्रदेश में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) और सूर्यांश फाउंडेशन ट्रस्ट ने बुधवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया।

समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थाओं के बीच शैक्षणिक और व्यावहारिक सहयोग को मजबूत करना है। इसके तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, संगोष्ठियां और अल्पकालिक पाठ्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

एमओयू के अंतर्गत सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) आधारित अधिगम, डिजिटल बुनियादी ढांचा और स्मार्ट कक्षाओं के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे शिक्षा प्रणाली को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाया जा सके। इसके अलावा कौशल विकास और वोकेशनल ट्रेनिंग के जरिए विद्यार्थियों के रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जाएगा। इंटर्नशिप, इंडस्ट्री सहयोग और राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढाँचा (एनएसक्यूएफ) आधारित सर्टिफिकेट कोर्सेज को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

विवि कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि यह समझौता राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों के अनुरूप है, जो समग्र विकास और संपूर्ण रूप से शिक्षा पर आधारित है। उन्होंने बताया कि इससे पर्यटन और मेहमाननवाज़ी जैसे क्षेत्रों में नए अवसर सृजित होंगे और विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित