, Feb. 2 -- सैन होज़े, 02 फरवरी (वार्ता/ शिन्हुआ) कोस्टा रिका की सत्तारूढ़ सॉवरेन पीपल पार्टी की उम्मीदवार लौरा फर्नांडीज़ ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 48.3 प्रतिशत मत प्राप्त कर पहले ही दौर में चुनाव जीत लिया।

सर्वोच्च निर्वाचन अधिकरण के आंकड़ों के मुताबिक, 93.8 प्रतिशत मतदान केंद्रों की गिनती पूरी होने तक सुश्री फर्नांडीज़ ने नेशनल लिबरेशन पार्टी के उम्मीदवार अल्वारो रामोस को हराया, जिन्हें 33.4 प्रतिशत वोट मिले। सिटीजन एजेंडा कोएलिशन की उम्मीदवार क्लाउडिया डोब्लेस को 4.9 प्रतिशत मत प्राप्त हुए। कोस्टा रिका में पहले चरण में जीत के लिए 40 प्रतिशत से अधिक मत हासिल करना आवश्यक होता है।

सुश्री फर्नांडीज़ ने जीत के बाद राजधानी सैन होज़े में समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह परिणाम देश के इतिहास में एक नये अध्याय की शुरुआत है, जिसे उन्होंने 'तीसरा गणराज्य' करार दिया। उन्होंने संवाद और सहमति पर आधारित शासन देने का संकल्प जताते हुए कहा कि जनता ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को और मजबूत करने तथा समृद्धि बढ़ाने के लिए परिवर्तन की निरंतरता के पक्ष में मतदान किया है।

फर्नांडीज़ को वर्तमान राष्ट्रपति रोद्रिगो शावेज़ और अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नायिब बुकेले की ओर से बधाई संदेश प्राप्त हुए हैं। विपक्षी उम्मीदवारों ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि वे संसद के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते रहेंगे।

सुश्री फर्नांडीज़ इससे पहले शावेज़ सरकार में राष्ट्रीय योजना मंत्री और राष्ट्रपति मामलों की मंत्री रह चुकी हैं। उन्होंने सुरक्षा स्थिति सुधारने के लिए आपातकाल लागू कर अपराधियों के नियंत्रण वाले इलाकों को मुक्त कराने, जबकि आर्थिक मोर्चे पर सार्वजनिक-निजी भागीदारी बढ़ाने, विदेशी निवेश आकर्षित करने और नौकरशाही बाधाएं दूर करने का वादा किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित