कोल्हापुर , फरवरी 03 -- पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 13 से 16 फरवरी तक भीमा कृषि प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
इस चार दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन भीमा महोत्सव द्वारा कोल्हापुर जिला परिषद और राज्य कृषि विभाग के सहयोग से किया जाएगा।
राज्यसभा सांसद और प्रदर्शनी के संयोजक धनंजय महादिक ने मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस आयोजन के दौरान पक्षियों, घरेलू पशुओं, घोड़ों और चावल से संबंधित कई सहायक प्रदर्शनियों का भी आयोजन किया जाएगा।
श्री महादिक ने कहा कि प्रदर्शनी स्थल पर किसानों के लिए विभिन्न सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जहां कृषि विशेषज्ञ किसानों को संबोधित करेंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे। महाराष्ट्र के साथ-साथ मध्य प्रदेश और कर्नाटक से लगभग 1,000 उच्च गुणवत्ता वाले जानवर प्रदर्शनी में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण इगुआना छिपकली होगी। प्रदर्शनी में कृषि उत्पाद कंपनियों के 400 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले किसानों और महिला किसानों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा, जिसमें एक भीमा जीवन पुरस्कार, पांच शेती भूषण पुरस्कार, दस आदर्श शेतकरी पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ कृषि शोधकर्ताओं के लिए तीन पुरस्कार और महिलाओं के लिए पांच जीजामाता पुरस्कार शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित