कोल्हापुर , मार्च 29 -- पुलिस ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिला अदालत परिसर में एक महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज करने के मामले में मुंबई-गोवा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता विवेक घाटगे और कोल्हापुर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता वी.आर. पाटिल सहित 15 वकीलों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना सात मार्च को दोपहर अदालत परिसर में स्थित जेरॉक्स सेंटर क्षेत्र में हुई। इस संबंध में अश्विनी उर्फ पल्लवी निखिल पाटिल ने शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता ने तलाक के लिए अर्जी दी थी और वह सुनवाई के लिए अदालत आई थी। कार्यवाही के दौरान, उसने कथित तौर पर अपने पति से घरेलू सामान की मांग की, जिससे बहस शुरू हो गई।

शिकायत के मुताबिक, अधिवक्ता काजल शेलके ने कथित तौर पर अश्विनी पाटिल के साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि मारपीट के कारण उसके गाल से खून बहने लगा और वह घायल हो गई।

यह भी आरोप है कि मौके पर मौजूद अन्य वकीलों ने उन्हें धमकी दी और जाति आधारित अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। शिकायत में दावा किया गया है कि उन्हें परिसर से बाहर निकालने और उनके खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए दबाव बनाया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित