फ्लोरिडा (अमेरिका) , मार्च 23 -- अमेरिका के सेबेस्टियन कोर्डा ने तीसरे दौर के मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज को मियामी ओपन से बाहर कर दिया।

दो घंटे 19 मिनट तक चले मुकाबले में स्पेन के दिग्गज अल्काराज को दुनिया के 36वें नंबर के खिलाड़ी कोर्डा से 6-3, 5-7, 6-4 से अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ कोर्डा टूर्नामेंट के चौथे दौर में जगह बना ली है।

शीर्ष वरीयप्ता प्राप्त अल्काराज ने पहले सेट में ढीला खेल दिखाया, जिससे अमेरिकी खिलाड़ी को शुरुआती बढ़त मिल गई, लेकिन दूसरे सेट में ऐसा लगा कि कोर्डा ने अपना मौका गंवा दिया है। कोर्डा ने 5-4 के स्कोर पर मैच के लिए सर्व किया, लेकिन स्पेनिश खिलाड़ी ने उनकी सर्विस तोड़ दी और अगले दो गेम जीतकर मैच को तीसरे सेट तक खींच लिया। अल्काराज ने अपना खेल तेज़ किया, लेकिन कोर्डा ने अपना संयम बनाए रखा और तीसरे सेट में 4-3 से बढ़त बना ली, जब उनके विरोधी ने फोरहैंड शॉट बाहर मार दिया। कोर्डा ने आत्मविश्वास के साथ अपनी अगली दो सर्विस गेम जीतीं और मैच अपने नाम कर लिया - अल्काराज के रिटर्न शॉट के बाहर जाने पर उन्होंने अपने दूसरे मैच पॉइंट पर जीत पक्की कर ली।

मैच के बाद अल्काराज ने कहा, "मुझे लगता है कि यह प्रक्रिया अच्छी रही है। आज की हार को छोड़कर, मुझे लगता है कि मैं अभी भी सही रास्ते पर हूं। पिछले कुछ टूर्नामेंट में कुछ ऐसी चीज़ें थीं जिनके साथ मैं सहज महसूस नहीं कर रहा था, लेकिन मुझे लगता है कि इस टूर्नामेंट में, मैं धीरे-धीरे बेहतर महसूस करने लगा हूं।"कोर्डा चौथे राउंड में 14वीं सीड वाले कैरेन खाचानोव या क्वालिफ़ायर मार्टिन लैंडालूस का सामना करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित