कोरबा , अप्रैल 16 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई, घटना बीते बुधवार की बताई जा रही है । घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के काशी नगर बुधवारी की है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, दादर बस्ती निवासी 28 वर्षीय टीका राम यादव निर्माण कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान वह 11 केवी विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गया, जिससे वह छत से नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे। बताया जा रहा है कि सानी यादव नामक व्यक्ति ने पंकज देवांगन के मकान निर्माण का ठेका ले रखा था।
घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के परिजनों ने ठेकेदार से मुआवजे की मांग की, जिस पर उन्हें उचित मुआवजा राशि प्रदान किए जाने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित