कोरबा , फरवरी 02 -- छत्तीसगढ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को कोरबा जिले के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने कोरबा शहर में पुलिस लाइन के समीप बनने वाले नवीन जिला भारतीय जनता पार्टी कार्यालय "अटल स्मृति भवन" का विधिवत भूमि पूजन किया। इस कार्यक्रम को भाजपा संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय तथा छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों एवं भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे कार से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन की रस्म संपन्न कराई गई।
भूमि पूजन के पश्चात मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना कर सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अटल स्मृति भवन भाजपा संगठन के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सशक्त करेगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि अटल स्मृति भवन का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों को समर्पित रहेगा।
इधर, मुख्यमंत्री के कोरबा आगमन से पूर्व युवा कांग्रेस ने कार्यक्रम का विरोध किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष, राज्य महासचिव, उपाध्यक्ष, जिला महासचिव, ब्लॉक अध्यक्ष, जिला सचिव सहित कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
कोरबा जिला युवा कांग्रेस (शहर एवं ग्रामीण) के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया, जिन पर "किसानों की मौत पर जश्न नहीं, जवाब चाहिए" जैसे नारे लिखे हुए थे। युवा कांग्रेस का आरोप था कि प्रदेश में किसान संकट से जूझ रहे हैं और इस बीच भाजपा कार्यालय निर्माण पर धन खर्च किया जा रहा है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा और विरोध प्रदर्शन के बाद हालात नियंत्रित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित