कोरबा , अप्रैल 22 -- ) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार को एक पिकअप के पेड़ से टकराने के कारण नौ लोग घायल हो गये, जिनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

पुलिस ने बताया कि घटना उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी पहाड़ की है। बताया जा रहा है कि जांजगीर-चांपा जिले के सलखन गांव से आए ग्रामीण परिवार भोज खाकर पिकअप वाहन से लौट रहे थे, तभी अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन पेड़ से जा टकराया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक सुखदास महंत और ईएमटी कृष्ण श्रीवास ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल उरगा और चांपा के अस्पतालों में भर्ती कराया।

डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में एक बच्चे की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिसका उपचार जारी है।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित