कोरबा , अप्रैल 24 -- ) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्वमंगला चौकी इलाके में शुक्रवार को एक युवक की तालाब में तैरती मिली।

पुलिस के अनुसार, सर्वमंगला नगर के बरमपुर बस्ती स्थित तालाब में एक युवक का शव देखे जाने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी प्रभारी वैभव तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बताया गया कि शव तालाब के बीच में होने के कारण उसे बाहर निकालने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद ली गई। कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान बिलासपुर निवासी केशव यादव के रूप में की गई है, जो कुसमुंडा क्षेत्र की एक निजी खदान कंपनी में कार्यरत था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित