कोरबा , फरवरी 12 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कोयला उद्योग में केंद्रीय संयुक्त ट्रेड यूनियन के आह्वान पर आयोजित एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को व्यापक समर्थन मिला। हड़ताल को कांग्रेस पार्टी ने भी समर्थन देते हुए श्रमिकों के साथ एकजुटता दिखाई। इस दौरान श्रमिक नेताओं के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी खदानों तक पहुंचे और कर्मचारियों से हड़ताल में सहयोग की अपील की।

आज सुबह से ही कुसमुंडा खदान में प्रथम पाली की ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों से श्रमिक नेताओं ने मुलाकात कर उन्हें हड़ताल के समर्थन का निवेदन किया। इस दौरान कई कर्मचारी समर्थन देते हुए नजर आए। श्रमिक नेताओं ने कहा कि यह हड़ताल मजदूर हितों की रक्षा और विभिन्न लंबित मांगों को लेकर की जा रही है।

इसी प्रकार मानिकपुर खदान में भी श्रमिक नेताओं ने कर्मचारियों से संपर्क कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। खदानों के मुख्य द्वार पर श्रमिकों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से एकजुटता का संदेश देखने को मिला।

नेताओं का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि और मजदूर एक मंच पर खड़े होते हैं तो इससे विश्वास और एकता की नई ऊर्जा का संचार होता है। हड़ताल के कारण खदानों में उत्पादन कार्य आंशिक रूप से प्रभावित रहा।

प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित