कोरबा , फरवरी 12 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एनटीपीसी टाउनशिप की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाकर एक ही रात में दो वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी आवासों में चोरी की वारदात सामने आई है। सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी में डीजीएम पद पर पदस्थ रंजन कुमार श्रीवास्तव (आवास क्रमांक D/109) और जीवनराज जाट (आवास क्रमांक D/108) परिवार सहित बाहर गए हुए थे। जीवनराज जाट अपनी बड़ी बेटी की शादी के सिलसिले में राजस्थान गए हैं, जबकि रंजन श्रीवास्तव का परिवार तीर्थ यात्रा पर निकला हुआ है। सूने मकानों का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने बुधवार रात दोनों आवासों को निशाना बनाया और कीमती सामानों की चोरी की।

आज सुबह पड़ोसियों ने दोनों घरों के टूटे ताले देखे और अनहोनी की आशंका जताते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और दोनों मकानों को फिलहाल सुरक्षित कर सील कर दिया है। चोरी में कितनी राशि और कौन-कौन से सामान की चोरी हुई है, इसका आकलन संबंधित अधिकारियों के लौटने के बाद ही हो सकेगा। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका व्यक्त की जा रही है।

बताया जा रहा है कि एनटीपीसी कॉलोनी में सुरक्षा के मद्देनजर कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। बावजूद इसके चोर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। एक संदिग्ध की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें वह मफलर, टोपी और जैकेट पहने नजर आ रहा है। उसके हाथ में किसी प्रकार का हथियार भी दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

चोरों ने घर के भीतर रखे सामान को भी अस्त-व्यस्त कर नुकसान पहुंचाया है। दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने कहा कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित