कोरबा , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब नीलकंठ साकार जीवी कंपनी के दो डंपर वाहन डंप स्लाइड होने के कारण अचानक नीचे जा गिरे। इस घटना में दोनों वाहनों के चालक बाल-बाल बच गए, जिससे एक संभावित बड़ी जनहानि टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय खदान के घाटी क्षेत्र में कार्य के दौरान अचानक डंप स्लाइड हुआ, जिसकी चपेट में आकर दोनों डंपर अनियंत्रित होकर नीचे गिर गए। घटना के बाद खदान परिसर में मौजूद कर्मचारियों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्राथमिक जांच में तकनीकी कारणों एवं सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका व्यक्त की जा रही है।
गौरतलब है कि कुसमुंडा खदान में इस प्रकार की घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं, जिसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार लापरवाही के आरोप लगते रहे हैं। ताजा हादसे के बाद एक बार फिर खदान की सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित