कोरबा , मार्च 25 -- )छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार चौकी अंतर्गत करूमोहा ग्राम पंचायत में सरपंच के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को निरस्त कर दिया गया।
यह निर्णय उस समय लिया गया जब मतदान प्रक्रिया शुरू होने से पहले दो महिला पंचों के लापता होने की जानकारी सामने आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भैंसमा तहसीलदार के.के. लहरे अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराने निर्धारित समय पर करूमोहा पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम पंचायत के अन्य पंचों ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि दो महिला पंचों का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया है, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है।
ग्राम में उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए तथा पंचों के आग्रह पर तहसीलदार ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया।
घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित