कोण्डागांव , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) द्वारा आज लाल झंडा यात्रा निकालकर ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण अभियान चलाया गया।

सीपीआई जिला परिषद कोण्डागांव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता लाल झंडा लेकर "लाल सलाम" के नारों के साथ कोण्डागांव और माकड़ी ब्लॉक के विभिन्न गांवों में पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ता मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहनों में सवार होकर चिपावंड, मालगांव, अमरावती, बीजापुर, बड़े घोड़सोडा, किरमारी, बिंजोली, नेवरा, छतोड़ी, सोहंगा, बेड़ागांव, हिरलाभाट, आंगाकोना, अनतपुर, गुमड़ी और एरला सहित कई गांवों में जनसंपर्क किया।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने ग्रामीणों से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होने और संघर्ष के प्रतीक लाल झंडे को थामने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं के समाधान और जनहित के मुद्दों को लेकर सीपीआई कार्यकर्ता लगातार लोगों के बीच सक्रिय रहेंगे।

ज्ञात हो कि 26 दिसंबर 2025 को सीपीआई के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पार्टी द्वारा जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह प्रदर्शन यात्रा आयोजित की गई।

कार्यक्रम में राज्य परिषद सचिव मंडल सदस्य कामरेड तिलक पांडे के निर्देशन में जिला सचिव शैलेश शुक्ला, सहायक सचिव दिनेश, जयप्रकाश सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित