कोण्डागांव , मई 01 -- छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में विधायक लता उसेंडी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा कार्य करते हुए भाजपा युवा मोर्चा की जिला कन्याशक्ति संयोजिका जूही तिवारी ने शांति मैत्री ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित समर्पण वृद्धा आश्रम पहुंचकर वृद्ध माताओं को भोजन कराया।
इस अवसर पर जूही तिवारी ने आश्रम में रह रही बुजुर्ग महिलाओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान आत्मीय और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।
जूही तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि सामान्यतः जन्मदिवस पर लोग शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन उन्होंने इस अवसर को सेवा कार्य से जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद और बुजुर्गों के बीच समय बिताना एक विशेष अनुभव है, जो सेवा भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने इस सेवा कार्य के लिए विधायक लता उसेंडी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में युवाओं को समाजसेवा से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही भाजपा युवा मोर्चा कोण्डागांव के जिलाध्यक्ष नागेश देवांगन के मार्गदर्शन को भी उन्होंने सराहा।
इस अवसर पर प्रमिला तिवारी, लता देवांगन, दीपिका सेठिया, लच्छनवती चक्रधारी, लक्ष्मी तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित