वाराणसी , फरवरी 8 -- कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी के मामले में कोतवाली पुलिस, एसआईटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुख्य सरगना शुभम जायसवाल के पांच साथियों को मिर्जापुर के भोरसर लिंक रोड से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में 25-25 हजार रुपये के इनामी अमित जायसवाल (सोनिया), दिवेश जायसवाल (खोजवा), अंकुश सिंह (खोजवा) तथा अभिनव कुमार यादव और घनश्याम मौर्या शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी नेपाल भागने की फिराक में थे। उनके पास से 46 विदेशी मुद्रा नोट और एक आईफोन बरामद किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) गौरव बंशवाल ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने शनिवार शाम छापेमारी कर सभी को दबोच लिया।
जांच में सामने आया है कि गिरोह 'न्यू फेंसाडिल' नामक कोडीन युक्त सिरप की बड़े पैमाने पर अवैध तस्करी कर रहा था। नकली जीएसटी इनवॉइस और ई-वे बिल के जरिए झारखंड की एक फर्म से सिरप मंगाकर विभिन्न मेडिकल फर्मों के माध्यम से बेचा जाता था। हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए रकम को ठिकाने लगाया जाता था। पुलिस के अनुसार गिरोह ने करीब 25 लाख बोतलों की तस्करी कर लगभग 40 करोड़ रुपये का अवैध कारोबार किया, जिसमें गिरफ्तार अभियुक्तों को करीब 8 करोड़ रुपये का लाभ हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित