कोडरमा , जनवरी 09 -- झारखंड के कोडरमा जिले के कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरनानगर में एक दर्दनाक हादसे में सैलून संचालक और उनकी पत्नी की दम घुटने से मौत हो गई।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान बीरेंद्र शर्मा (58 वर्ष) और उनकी पत्नी कांति देवी (52 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि गुरुवार की देर रात करीब 11:30 बजे घर के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। आमतौर पर घर में गैस चूल्हे पर ही खाना बनाया जाता है, लेकिन किसी कारणवश उस रात कोयले के चूल्हे पर भोजन पकाया गया था। खाना खाने के बाद बीरेंद्र शर्मा और उनकी पत्नी ठंड से बचने के लिए उसी कोयले के चूल्हे को अपने कमरे में ले गए।
परिजनों के अनुसार, दोनों ने कुछ देर तक आग तापी और फिर जलते चूल्हे को कमरे के एक कोने में रख दिया। अत्यधिक ठंड के कारण कमरे के दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं। इसी दौरान कोयले से निकलने वाली जहरीली गैस कमरे में भर गई, जिससे पति-पत्नी की नींद में ही दम घुट गया।
शुक्रवार की सुबह जब मृतक की बहू कमरे में झाड़ू लगाने पहुंची तो उसने देखा कि सास-ससुर बेड पर अचेत अवस्था में पड़े हैं और उनके नाक से खून निकल रहा था। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों को तत्काल सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में बताया कि दोनों की मौत कोयले के चूल्हे से निकले धुएं के कारण दम घुटने से हुई है। सूचना मिलने पर कोडरमा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित