कोडरमा, 06अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के कोडरमा जिले के नवलशाही थाना अंतर्गत पूर्णाडीह से घायल अवस्था में मिले 45 वर्षीय अशोक राणा की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि अशोक राणा पूर्णाडीह के निवासी थे और सोमवार को स्थानीय लोगों द्वारा निर्माणाधीन पानी टंकी के पास घायल पाए गये थे।
घायल अशोक राणा को स्थानीय लोगों के सहयोग से सदर अस्पताल कोडरमा लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के भतीजे पवन राणा ने बताया कि अशोक राणा रविवार सुबह 10 बजे घर से निकले थे लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटे। परिवार ने उनकी तलाश की, लेकिन उनकी कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार सुबह जब उनके भाई संतोष राणा और अन्य लोग पानी टंकी के पास से गुजर रहे थे, तब उन्होंने अशोक को घायल हालत में देखा और घर वालों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण जगह पर जुट गए। हत्या की आशंका जताते हुए उन्होंने कोडरमा जमुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
मृतक के भतीजे ने कहा कि अशोक के शरीर पर जो चोट के निशान थे, वे मारपीट का प्रमाण हैं और संभवत: उनकी हत्या कर वहाँ फेंका गया है।
उन्होंने पुलिस से संपूर्ण मामले की जांच कर मुआवजा देने की भी मांग की है। अशोक राणा के पीछे पत्नी और तीन बच्चे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने समझाकर जाम हटवाया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित