जौनपुर , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश मे जौनपुर के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शनिवार को कोटि तीर्थ वराह धाम, रामगढ़ चंदवक (ब्लॉक डोभी, केराकत) पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने गोमती नदी के पावन तट पर आयोजित संत समागम में सहभागिता कर संतों का आशीर्वाद लिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि संतों के मध्य उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य और आत्मिक प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने संत समाज के आशीर्वाद को जीवन की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि संतों का सानिध्य व्यक्ति को दिशा और ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि गोमती तट पर आयोजित यह संत समागम सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा का प्रतीक है, जहां संतजन समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों के संरक्षण व सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जौनपुर सहित प्रदेश के विभिन्न प्राचीन मंदिरों और धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार एवं विकास के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं, जिन पर स्वीकृति के बाद कार्य प्रारंभ हो चुका है। दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।

डॉ. दिनेश चंद्र ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रयागराज में शिक्षा ग्रहण करने और हरिद्वार से सेवा प्रारंभ करने के दौरान उन्हें विभिन्न अखाड़ों के संतों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इतिहास साक्षी है, जब-जब राष्ट्र या धर्म पर संकट आया, संत समाज ने अग्रणी भूमिका निभाई है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने संतों और वृद्धजनों को अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद लिया तथा मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित