भोपाल , अप्रैल 15 -- ।। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के अंतर्गत कोटा जंक्शन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 के पुनर्विकास कार्य के चलते 15 अप्रैल से 4 मई 2026 तक 20 दिवसीय ब्लॉक लिया गया है। इस अवधि में कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है, वहीं कुछ गाड़ियों का आंशिक संचालन सोगरिया स्टेशन से किया जाएगा।
रेल प्रशासन के अनुसार, प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 से संचालित होने वाली सभी ट्रेनों को अन्य प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट किया गया है। साथ ही कुछ प्रमुख गाड़ियों को कोटा जंक्शन के बजाय गुड़ला-कोटा चंबल केबिन-सोगरिया मार्ग से संचालित किया जाएगा।
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली गाड़ियों में गाड़ी संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस (15 अप्रैल से 3 मई), 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस (15 अप्रैल से 4 मई), 12181 दयोदय सुपरफास्ट एक्सप्रेस (15 अप्रैल से 3 मई) तथा 12182 दयोदय सुपरफास्ट एक्सप्रेस (15 अप्रैल से 4 मई) शामिल हैं। ये सभी गाड़ियां कोटा जंक्शन को बायपास करते हुए सोगरिया मार्ग से संचालित होंगी।
इसके अलावा बीना-कोटा मेमू सेवाओं पर भी प्रभाव पड़ा है। गाड़ी संख्या 11604 बीना-कोटा मेमू एक्सप्रेस तथा 61634 बीना-कोटा मेमू 15 अप्रैल से 4 मई तक कोटा जंक्शन के स्थान पर सोगरिया स्टेशन पर ही समाप्त होंगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की जानकारी स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड, पूछताछ काउंटर या एनटीईएस ऐप के माध्यम से अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित