कोटा , जनवरी 20 -- राजस्थान में कोटा विश्वविद्यालय, कोटा का 12वां दीक्षांत समारोह 23 जनवरी को कृषि प्रबंध संस्थान स्थित ऑडिटोरियम, नयापुरा में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर वर्ष 2023 की परीक्षाओं में उत्तीर्ण कुल 80 हजार 117 विद्यार्थियों को यूजी, पीजी एवं पीएच.डी. की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह की अध्यक्षता राजस्थान के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने मंगलवार को बताया कि दीक्षांत समारोह में वर्ष 2023 में विभिन्न संकायों में मेरिट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 59 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 17 छात्र एवं 42 छात्राएं शामिल हैं। 81 शोधार्थियों को पीएच.डी प्रदान की जायेगी।
रजिस्ट्रार राजपाल सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 के लिए कुल 81 शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि प्रदान की जाएगी, जिनमें 44 छात्र एवं 37 छात्राएं सम्मिलित हैं। संकायवार पीएच.डी. वितरण में विज्ञान संकाय (28) अग्रणी रहा, इसके बाद कला (24), समाज विज्ञान (21), वाणिज्य (6), विधि (1) एवं शिक्षा (1) संकाय शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित