कनवास (कोटा) , फरवरी 14 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को राजस्थान में कोटा जिले के सांगोद विधानसभा के कनवास में 37 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
आधिकारिक सू्त्रों ने बताया कि इस दौरान 18 करोड़ रुपए की लागत से बने 132 केवी जीएसएस का लोकार्पण और धूलेट एवं खजूरना में 33-33 केवी के जीएसएस सहित प्रस्तावित राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर श्री बिरला ने कहा कि पॉलिटेक्निक महाविद्यालय से ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल सुविधाओं में लगातार सुधार हुआ है। किसानों को अब दिन में बिजली मिल रही है और घर-घर जल पहुंचाने की दिशा में काम तेज़ी से चल रहा है। खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
श्री बिरला ने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है। गर्भवती महिलाओं के पोषण, चलित चिकित्सा इकाई से स्वास्थ्य जांच और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
समारोह में राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि दो वर्ष में ही सांगोद विधानसभा क्षेत्र में 33/11 केवी के 15 नए जीएसएस स्वीकृत कराए हैं। सांगोद में 400 केवी का जीएसएस बनकर शुरु हो गया है। इनसे गुणवत्तापूर्ण निर्बाध बिजली मिलना प्रारंभ हो गई है। अब किसानों को छह घंटे दिन में बिजली देना सुनिश्चित किया गया है। पहले चूल्हा चौका करते हुए बिजली चली जाती थी जिससे बहुत परेशानी होती थी। अब उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली मिल रही है।
उन्होंने बताया कि खजूरना, गिरधरपुरा धूलेट में जीएसएस बनने से आवा जीएसएस का लोड कम होगा और बिजली की गुणवत्ता में सुधार होगा। पॉलिटेक्निक कॉलेज का फायदा पूरे पूरे हाड़ौती क्षेत्र को मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित