कोटा , फरवरी 08 -- राजस्थान में कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में इंदिरा विहार में शनिवार रात तीन मंजिला इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गयी और 14 अन्य घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि इमारत के गिरने की सूचना मिलते ही राज्य आपदा राहत बल और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मलबे में दबे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि एक कोचिंग छात्र अनारन्य कर्माकर और एक गुब्बारे बेचने वाले की मौत हो गई। अब तक 14 लोगों भर्ती कराया गया है।

वह छात्र अपनी मां के साथ इस इमारत में संचालित रेस्टोंरेंट में खाना खाने आया था। उसकी मां की स्थिति गंभीर बनी हुई है।अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों का मेडिकल कालेज एवं एमबीएस अस्पताल में उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलने पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर एवं विधायक संदीप शर्मा मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करके तफ्तीश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इमारत में एक रेस्टोरेंट संचालित था। जिसे दो महीने पहले ही बंद करवा दिया था। फिर भी इसमें निर्माण कार्य हो रहा था।

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों को आवश्यक उपचार के निर्देश दिए हैं।उधर नगर निगम कोटा ने भी क्षेत्र में स्थित इमारतों की निर्माण पत्रावलियों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित