कोटा , नवम्बर 28 -- राजस्थान में नगर निगम कोटा अपनी छावनी स्थित कॉलोनी की भूमि को नीलाम करेगा।

आयुक्त ओम प्रकाश मेहरा ने शुक्रवार को बताया कि इसके लिए सर्वेक्षण कर लिया गया और नीलामी प्रक्रिया की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि छावनी स्थित निगम कॉलोनी में पहले बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी निवास करते थे। समय के साथ उन्होंने अपने-अपने मकान बना लिए और कॉलोनी खाली होती चली गई। इस कारण अब वहां कई लोग अनाधिकृत रूप से रह रहे हैं। खाली पड़े मकानों को आसामाजिक तत्वों ने काफी नुकसान पहुंचाया है।

श्री मेहरा ने बताया कि इसको देखते हुए निगम अब इस कॉलोनी की भूमि का नीलाम करने की कार्ययोजना पर काम कर रहा है। निगम द्वारा इस पूरी कॉलोनी का सर्वेक्षण करके नक्शे तैयार कर लिए गए हैं। कार्मिक विभाग से उन अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची मांगी गई है जिनको निगम द्वारा मकान आवंटित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सूची आने के बाद सबसे पहले अनधिकृत लोगों को हटाया जाएगा। इसके बाद नीलामी की गतिविधि आगे बढ़ाई जाएगी। इस भूमि की नीलामी से निगम को बड़ा राजस्व मिलने की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त राजस्व धीरज सोनी, अधिशासी अभियंता संजय विजय, राजस्व अधिकारी विजय अग्निहोत्री भी साथ रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित