कोटा , फरवरी 22 -- राजस्थान में कोटा महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को चंबल रिवर फ्रंट स्थित शौर्य घाट पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कोटा महोत्सव के तहत रविवार को शौर्य घाट, चंबल रिवर फ्रंट पर 'अनप्लग्ड' कार्यक्रम में मशहूर बॉलीवुड गायक क्षितिज तारे की प्रस्तुति ने युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। क्षितिज तारे ने अपने डेब्यू गाने तो से नैना जो लागे...से शुरुआत कर न तो कारवां की तलाश है..न हमसफर की तलाश है.., तेरे बिन न लेंगे अब एक भी दम..., ओ रे मनवा तू तो बावरा है, मुझको इतना बताए कोई, कैसे तुझसे दिल न लगाए कोई जैसे गानों पर रिवर फ्रंट पर मौजूद युवाओं को अपने साथ गाने के लिए मजबूर कर दिया।
कोटा ऑन स्क्रीन्स कार्यक्रम के तहत कोटा की खूबसूरत लोकेशन पर फिल्माई गई विभिन्न फिल्मों और म्यूजिक वीडियो दिखाई गई। इनमें हेवनली हाड़ौती, मुकुंदरा एवं सफेद फिल्में दिखाई गई।
इससे पहले रविवार शाम को चंबल रिवर फ्रंट के पश्चिमी घाट पर चंबल महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 10 हजार मिट्टी के और 10 हजार आटे के दीपों से चंबल में दीपदान हुआ।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, जिला कलेक्टर पीयूष समारिया सहित अन्य गणमान्य जनों ने चम्बल माता की आरती की।
आचार्य पंडित श्री संजय चतुर्वेदी एवं 21 अन्य पंडितों के समूह द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ चम्बल माता की आरती की गई। जगमग दीपों की पंक्तियों से चंबल नदी के घाट जीवंत हो उठे। आरती के बाद दीपदान किया गया, जिसने पश्चिमी घाट को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित