कोटा , फरवरी 22 -- राजस्थान में गांव ग्वाला योजना का रविवार को कोटा जिले में रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र की चेचट तहसील के खेड़ली गांव से शुभारंभ किया गया।
राज्य के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर और श्री राम स्नेही संप्रदाय शाहपुरा पीठ केजगद्गुरु स्वामी रामदयाल महाराज ने खेड़ली गांव में गौ माता का पूजन करके गौ संवर्धन एवं गौचारण परंपरा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्री दिलावर ने नवनियुक्त 14 गांव ग्वालों को माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। अब ये 14 गांव ग्वाले प्रतिदिन गांव की सभी गौ माताओं को सामूहिक रूप से गोचर भूमि में चारण के लिए लेकर जायेंगे और शाम को पुनः वापस लाकर घर पर छोड़ेंगे।
योजना के तहत गोपालन के लिए एक गांव ग्वाला नियुक्त किया जाएगा जिसे मासिक वेतन भी दिया जाएगा। प्रारंभ में यह योजना रामगंज मंडी विधानसभा में शुरू की गई है जिसे पूरे राजस्थान में लागू किए जाने की योजना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित