जयपुर , फरवरी 04 -- राजस्थान के युवा मामले और खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि नवगठित जिले कोटपूतली-बहरोड़ में स्टेडियम निर्माण के लिए नियमानुसार भूमि की उपलब्धता तथा बजट के आधार पर स्टेडियम निर्माण कराया जाएगा।

कर्नल राठौड़ ने प्रश्नकाल में विधायक डॉ. जसवंत सिंह के पूरक प्रश्नों के उत्तर में कहा कि जिले में एक फरवरी से जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। यह केन्द्र वर्तमान में महात्मा गांधी विद्यालय, बहरोड़ परिसर में संचालित हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र के लिए भूमि आवंटन के संबंध में जिला कलेक्टर को पत्र भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला, तहसील एवं पंचायत स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार खेल स्टेडियम निर्माण में उन स्थानों को प्राथमिकता दी जाती है जहां विधायक एवं सांसद कोटे द्वारा निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने बताया कि एलबीएस राजकीय महाविद्यालय, कोटपूतली में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से केंद्र सरकार के माध्यम से इंडोर हॉल तथा बास्केटबॉल, वॉलीबॉल,फुटबॉल एवं एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण किया गया है। इस इंडोर हॉल में वर्तमान में कुश्ती एवं बैडमिंटन खेलों का संचालन किया जा रहा है जहां कुश्ती के लिए तीन एवं एथलेटिक्स के लिए एक प्रशिक्षक की व्यवस्था है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित