अलवर , जनवरी 22 -- राजस्थान में कोटपुतली बहरोड़ जिले के बानसूर के हरसौरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली विभाग ने बकाया बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे और अधिक बकाया राशि होने पर ट्रांसफार्मर भी उतार दिए।
बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेंद्र परेवा ने गुरुवार को बताया कि हरसौरा और आसपास के इलाकों में करीब 30 लाख रुपये की बकाया राशि लंबे समय से लंबित थी। कई उपभोक्ताओं को बार-बार नोटिस देने के बाद भी उन्होंने बिल जमा नहीं कराया, जिसके बाद विभाग को यह कदम उठाना पड़ा।
विभाग के दल ने हरसौरा, बबेड़ी, मोरड़ी, माजरा ढाकोड़ा, नागल लाखा और परसा का बास सहित कई गांवों में अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान छह से अधिक ट्रांसफार्मर उतारे गए, जिससे संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित हुई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द बकाया राशि जमा कराने की हिदायत भी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित