हरिद्वार, फ़रवरी 03 -- त्तराखंड के कोटद्वार में उठे विवाद के बीच दीपक कुमार के समर्थन में जा रहे भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह और उनके समर्थकों को पुलिस ने मंगलवार दोपहर चंडीघाट चौकी पर रोक दिया। मौके पर स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कार्यकर्ता आगे बढ़ने पर अड़े रहे और पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर उन्हें रोक दिया।

बातचीत विफल होने के बाद पुलिस ने महक सिंह सहित कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर रोशनाबाद भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह अपने समर्थकों के साथ कोटद्वार रवाना हुए थे। पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही चंडीघाट चौकी पर घेराबंदी की गई। हालात संभालने के लिए सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह और इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन पाई।

स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बरतते हुए महक सिंह और उनके कुछ समर्थकों को पुलिस वाहन में बैठाकर रोशनाबाद ले जाया गया है।

कोटद्वार में विवाद की शुरुआत 26 जनवरी को हुई, जब एक मुस्लिम दुकानदार की करीब 30 वर्षों से संचालित दुकान "बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर" के नाम को लेकर आपत्ति जताई गई। कुछ संगठनों ने दुकान के नाम में 'बाबा' शब्द को लेकर सवाल खड़े किए, जिससे मौके पर बहस और तनाव की स्थिति बन गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित