जयपुर , जनवरी 27 -- कोग्निवेरा पोलो कप 2026 की शुरुआत हो गई है। जयपुर स्थित राजस्थान पोलो क्लब में मंगलवार को एक भव्य समारोह में टूर्नामेंट का उद्घाटन हुआ। इसके साथ ही एक हफ्ते तक चलने वाले पोलो मुकाबलों की शुरुआत हो गई है। यह टूर्नामेंट 1 फरवरी 2026 को होने वाले फाइनल मुकाबले के साथ समाप्त होगा।

हाल ही में भारत और अर्जेंटीना के बीच संपन्न हुए कोग्निवेरा इंटरनेशनल पोलो कप की सफलता के बाद, इस टूर्नामेंट की शुरुआत और भी जोश के साथ हुई। अभिनेत्री और फिटनेस आइकन मलाइका अरोड़ा सहित कई गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में टूर्नामेंट की भव्य शुरुआत हुई, जिसने भारत के खेल और सांस्कृतिक कैलेंडर में इस टूर्नामेंट की बढ़ती प्रतिष्ठा को और मजबूत किया।

जयपुर पोलो सीजन 2026 के तहत कोग्नीवेरा पोलो कप में लीग और नॉकआउट मैचों में सात टीमें खेलेंगी। इस टूर्नामेंट में भारत और विदेशों के प्रमुख खिलाड़ी एक हफ्ते तक जयपुर के प्रसिद्ध पोलो मैदानों पर 8-गोल पोलो का रोमांच दिखाएँगे।

टूर्नामेंट के शुभारंभ पर बोलते हुए, कोग्नीवेरा आईटी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ कमलेश शर्मा ने कहा, 'पोलो सटीकता, अनुशासन और टीम वर्क का प्रतीक है, और ये मूल्य कोग्नीवेरा में हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। कोग्नीवेरा इंटरनेशनल पोलो कप की सफलता के बाद, हमें गर्व है कि कोग्नीवेरा पोलो कप आज जयपुर में इतने उत्साह और समर्थन के साथ शुरू हो रहा है। यह टूर्नामेंट, इस खेल की विरासत और उसमें निहित उत्कृष्टता को हमारा ट्रिब्यूट है।

उद्घाटन के दिन की गरिमा बढ़ाते हुए दुनिया की सबसे ऊंची पोलो ट्रॉफी का अनावरण किया गया। यह ट्रॉफी पहले ही महत्वाकांक्षा और उत्कृष्टता का प्रतीक बन चुकी है और जयपुर के पोलो कैलेंडर की शान को और बढ़ा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित