कोंडागांव , अप्रैल 19 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर रविवार को सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम और शोभायात्रा का आयोजन किया गया।

कनेरा मार्ग स्थित ब्राह्मण समाज भवन में आयोजित कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर समाज हित में कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के पश्चात ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो कनेरा रोड से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शाम 5:30 बजे पुराने रेस्ट हाउस तक पहुंची। शोभायात्रा में युवतियों ने भक्ति गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत कर ठंडे पेय और आइसक्रीम का वितरण किया।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवा ध्वज के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर भगवान परशुराम की जीवंत झांकी आकर्षण का केंद्र रही और पूरे नगर में आतिशबाजी के साथ भगवान की जयकारों की गूंज सुनाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित