रामनगर , फरवरी 12 -- उत्तराखंड के रामनगर में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला के निर्देशन में गुरुवार को कार्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केन्द्र, कालागढ़ में एक दिवसीय वनाग्नि सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम, प्रबंधन और नियंत्रण के लिए फील्ड स्टाफ को प्रशिक्षित करना रहा।
कार्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केन्द्र, कालागढ़ निदेशक अमित कुमार ग्वासीकोट ने आज पूर्वाह्न 10:30 बजे कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए उपस्थित अतिथियों और कर्मचारियों का स्वागत किया। उन्होंने कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत अग्नि सुरक्षा की तैयारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा प्रतिभागियों से उनके-अपने बीट क्षेत्रों में फायर लाइन और फायर बीटों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
सर्पदुली रेंज में वनक्षेत्राधिकारी संजय पांडे ने वनाग्नि सुरक्षा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इसके अतिरिक्त नंदकिशोर रूबाली, वनक्षेत्राधिकारी कालागढ़ रेंज, इंद्र सिंह बिष्ट, वनक्षेत्राधिकारी प्रशिक्षण केन्द्र तथा संकाय सदस्य बहादुर सिंह बिष्ट और अथहर महमूद सिद्दीकी ने भी वनाग्नि रोकथाम के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
सेवानिवृत्त वनक्षेत्राधिकारी राकेश भट्ट ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वनाग्नि प्रबंधन, इसके कारण, प्रकार, प्रभाव और नियंत्रण के आधुनिक उपायों एवं संसाधनों पर विस्तृत जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित