रामनगर , जनवरी 26 -- विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व इन दिनों वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए किसी रोमांचक अनुभव से कम नहीं है। खासतौर पर ढिकाला पर्यटन जोन सहित कॉर्बेट के अन्य प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में लगातार बाघों अपने नन्हे शावकों के साथ दिखाई दे रही हैं। बाघों के साथ अठखेलियां करते शावकों की मौजूदगी न केवल पर्यटकों को रोमांचित कर रही है, बल्कि पार्क प्रशासन के लिए भी यह बेहद सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने आज इस पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि वर्तमान समय में कॉर्बेट के लगभग सभी पर्यटन जोनों में बाघिन अपने शावकों के साथ देखी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह न सिर्फ बाघों की बढ़ती आबादी का संकेत है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि टाइग्रेस खुद को इन क्षेत्रों में सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
हाल के दिनों में कई ऐसे वीडियो और दृश्य सामने आए हैं, जिनमें सब-एडल्ट शावक अपनी मां को खोजते या उसके आसपास चहलकदमी करते नजर आ रहे हैं। जंगल सफारी के दौरान इस तरह के दृश्य पर्यटकों के लिए यादगार बन रहे हैं। बाघों का अपने शावकों के साथ खुले तौर पर पर्यटन क्षेत्रों में दिखना इस बात का प्रमाण है कि कॉर्बेट का पर्यावरण, सुरक्षा व्यवस्था और संरक्षण प्रयास सफल दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित