गाजीपुर , फरवरी 09 -- उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व पंचायती राज मंत्री कैलाश यादव की पुण्यतिथि सोमवार को लुटावन महाविद्यालय परिसर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने परिवार सहित माल्यार्पण किया और कार्यक्रम में आए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्रद्धांजलि सभा में सपा सांसद अफजाल अंसारी भी मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने संसद की कार्यवाही के दौरान प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति के मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख के जनसंख्या संबंधी बयान पर भी अपनी टिप्पणी दी।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, पूर्व विधायक सैय्यदा शादाब फातिमा, काशीनाथ यादव, खुर्शीद अहमद, विजय कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि कैलाश यादव का निधन 9 फरवरी 2016 को हुआ था। वे ग्राम प्रधान से पंचायती राज मंत्री तक का सफर तय करने वाले पूर्वांचल के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित