भोपाल , दिसंबर 10 -- मध्यप्रदेश पुलिस का मिड कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमसीटीपी) राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को आधुनिक, उत्तरदायी और प्रभावी पुलिस नेतृत्व के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 30 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वर्तमान में यूनाइटेड किंगडम की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में अत्याधुनिक पुलिसिंग के गुर सीख रहे हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 27 नवंबर को मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी में निदेशक मोहम्मद शाहिद अबसार के मुख्य आतिथ्य में हुआ, जहां उपनिदेशक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल भी मौजूद थे। चार सप्ताह से अधिक अवधि वाले इस कार्यक्रम में अधिकारियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के चार प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों का पांचवां मिड-कैरियर प्रशिक्षण कार्यक्रम है।

राज्य पुलिस सेवा के 12 वर्ष का सेवाकाल पूर्ण कर चुके 30 अधिकारियों ने कार्यक्रम की शुरुआत 27 से 29 नवंबर तक मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण से की। इसके बाद 1-2 दिसंबर को आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी और 4-6 दिसंबर को नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी नई दिल्ली में प्रशिक्षण मिला। यहां सोशल लेजिसलेशन, ई-गवर्नेंस, पब्लिक ऑर्डर, विक्टिमोलॉजी और विभागीय समन्वय सहित संबंधित अधिनियमों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित