चंडीगढ़ , नवंबर 04 -- पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां और राज्य के मंत्रियों ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा, डॉ. बलजीत कौर, संजीव अरोड़ा, डॉ. बलबीर सिंह, लाल चंद कटारूचक, लालजीत सिंह भुल्लर, हरजोत सिंह बैंस, हरभजन सिंह, गुरमीत सिंह खुड्डियां, डॉ. रवजोत सिंह, बरिंदर कुमार गोयल, हरदीप सिंह मुंडियां, तरुनप्रीत सिंह सौंद और मोहिंदर भगत ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
यहां जारी एक साझे बयान में मंत्रियों ने कहा कि पांच नवंबर 2025 को मनाया जाने वाला यह पवित्र दिन हमें गुरु नानक देव जी की शाश्वत शिक्षाओं की याद दिलाता है, जो "नाम जपो", "किरत करो" और "वंड छको" के मूल सिद्धांतों पर आधारित हैं। मंत्रियों ने लोगों से आग्रह किया कि वे पहले सिख गुरु द्वारा दिखाए मार्ग पर चलें और एक ईश्वर, सभी के लिए समानता, निःस्वार्थ सेवा तथा भाईचारे की भावना के उनके संदेश को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि गुरु जी का 'सरबत दा भला' (सभी के कल्याण) का दर्शन आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक प्रतीत होता है।
इस अवसर पर मंत्रियों ने सभी नागरिकों, विशेष रूप से पंजाब के लोगों की समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य के लिए अरदास की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पवित्र दिन सभी को भेदभाव से ऊपर उठने और भाईचारे पर आधारित समाज निर्माण के लिए प्रेरित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित