भरतपुर , मई 01 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में एनर्जी ड्रिंक के नाम पर बेची जा रही कैफीनयुक्त पेयकी करीब 50 हजार कैन (करीब 13 हजार लीटर) की खेप जब्त किये जाने के बाद शुक्रवार को सॉफ्टड्रिंक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
"शुद्ध आहार मिलावट पर वार" अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा रीको औद्याेगिक क्षेत्र खेरदा में श्री बालाजी ट्रेडिंग पर की गयी कार्रवाई के बारे में विभागीय सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बाजार में आपूर्ति की जा रही एनर्जी ड्रिंक के दो नमूने लेकर मौके पर ही करीब 2100 पेटियां (करीब 13 हजार लीटर) माल को सीज कर दिया गया।
सू्त्रों ने बताया कि इसके अलावा दल ने रीको खेरदा स्थित पवन पेप्सी एजेंसी से भी तैयार स्थिति में पेय और सोडा वाटर के नमूने लिये। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान दल ने इसी क्षेत्र में स्थित कई फलों के गोदामों का भी निरीक्षण भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित