जयपुर , मार्च 20 -- एनसीसी के यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम (वाईईपी), रिपब्लिक डे कैंप (आरडीसी), थल सैनिक कैंप (टीएससी) एवं इंटर डायरेक्टरेट स्पोर्ट्स शूटिंग चैम्पियनशिप (आईडीएसएससी) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स तथा पदोन्नत एएनओ के सम्मान में शुक्रवार को यहां एक समारोह का आयोजन किया गया।
प्रथम राज आर्म्ड स्क्वाड्रन एनसीसी जयपुर के एएनओ मेजर राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि आर्मड के कमान अधिकारी कर्नल राम मधुकर शर्मा थे। इस अवसर पर कर्नल शर्मा ने कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण मंच नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की एक सशक्त प्रक्रिया है, जो युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति एवं सेवा भावना का समग्र विकास करती है। उन्होंने कहा कि सम्मानित किए जा रहे कैडेट्स अपनी उपलब्धियों के माध्यम से न केवल व्यक्तिगत उत्कृष्टता का परिचय दे रहे हैं, बल्कि प्रदेश एवं राष्ट्र का गौरव भी बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में चयन, गणतंत्र दिवस कैंप में सहभागिता, थल सैनिक कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा शूटिंग चैम्पियनशिप में भागीदारी-ये सभी उपलब्धियां कठोर परिश्रम, दृढ़ संकल्प एवं आत्मविश्वास का प्रतिफल हैं।
कर्नल शर्मा ने कैडेट्स का आह्वान किया कि वे एनसीसी के मूल मंत्र "एकता और अनुशासन" को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि अनुशासित एवं जागरूक युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की सुदृढ़ आधारशिला होते हैं। साथ ही, उन्होंने कैडेट्स को सशस्त्र सेनाओं सहित विभिन्न प्रतिष्ठित सेवाओं में योगदान देने तथा आदर्श नागरिक के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित