नैनीताल , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड के शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के धारी और ओखलकांडा ब्लॉकों के विभिन्न गांवों का दौरा कर ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों को हुए नुकसान के आकलन और मुआवजा दिलाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा का पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। उन्होंने नाई, भीड़ापानी, नारतोला, हरीनगर, बेडचुला, सुनी, कटना, कोटला, गुरना, डलौज, सिमलकन्या, कचलाकोट और सुनकोट सहित कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
श्री कैड़ा ने बताया कि पिछले दो दिनों में हुई ओलावृष्टि से किसानों की आड़ू, सेब, प्लम, नाशपाती और मटर जैसी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से वार्ता कर निर्देश दिए कि गांव-गांव में टीम भेजकर नुकसान का आकलन किया जाए और बीमा कंपनियों के माध्यम से किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाया जाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अपनी नियुक्ति के लिए केन्द्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित