मुंबई , मार्च 16 -- इब्राहिम अली खान, प्रतिभा रांटा और कुब्रा सैत हाल ही में 'केयरिंग विथ स्टाइल 2026' नामक एक चैरिटी फैशन इवनिंग में रैंप पर वॉक करते नजर आए।
यह वार्षिक कार्यक्रम हर वर्ष कैंसर पेशेंट एड असोसिएशन द्वारा आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य कैंसर मरीजों के लिए जागरूकता बढ़ाना और उनके समर्थन के लिए पहल को प्रोत्साहित करना है।इस खास मौके पर तीनों कलाकार फैशन लेबल 'आईटीआरएच' के लिए शोस्टॉपर बने थे। डिजाइनर मोहित रायऔर ऋद्धि बंसल द्वारा स्थापित इस लेबल ने इस कार्यक्रम में अपनी पांच साल की यात्रा का जश्न मनाते हुए एक विशेष कलेक्शन पेश किया।
रैंप पर अपनी अलग-अलग शैली और मौजूदगी के साथ इब्राहिम, प्रतिभा और कुब्रा ने इस शाम को और भी खास बना दिया। उनकी मौजूदगी ने न सिर्फ इवेंट में स्टार पावर जोड़ी, बल्कि उस बड़े उद्देश्य की ओर भी ध्यान आकर्षित किया, जिसके लिए यह आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम के तुरंत बाद रैंप वॉक की झलकियां सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं। फ़िलहाल इन कलाकारों के वॉक के वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट पर खूब चर्चा में बनी हुई है। फैन पेज से लेकर एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म्स तक, इस शोकेस के कई पल ऑनलाइन साझा किए गए, जहां लोगों ने न सिर्फ कलाकारों की रैंप प्रेजेंस की तारीफ की, बल्कि इस सार्थक पहल की सराहना भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित